Monday 11 July 2011

कोशिश करने वालों की हार नही होती

लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती|

नन्ही चींटी जब दाना लेकर चलती है,
चढ़ती दीवारों पर सौ बार फिसलती है,
मन का विश्वास रगों में साहस भरता है,
चढकर गिरना, गिरकर चढ़ना न अखरता है,
आखिर उसकी मेहनत बेकार नही होती,
कोशिश करने वालों की हार नही होती|

डुबकियां सिंधु में गोताखोर लगाता है,
जा-जा कर खाली हाथ लौट आता है,
मिलता नही मोती सहज ही गहरे पानी में,
बढ़ता दूना एहसास इसी हैरानी में,
मुट्ठी उसकी खाली हर बार नही होती,
कोशिश करने वालों की हार नही होती|

असफलता एक चुनौती है, स्वीकार करो!
क्या कमी रह गयी, देखो और सुधार करो!
जब तक ना सफल हो, नींद चैन की त्यागो तुम!
संघर्ष का मैदान छोड़ मत भागो तुम!
कुछ किए बिना ही जय-जयकार नही होती,
कोशिश करने वालों की हार नही होती|

                                                    राजेश रंजन
                                                    (पूर्व सांसद)

No comments:

Post a Comment